बुधवार, 16 अक्टूबर 2024

मेरा गांव, मेरा देस...

मेरे गांव की धरती...
मौसम बदलने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोग ठंड और स्मॉग की आमद का बेमन से इस्तकबाल कर रहे हैं। लेकिन, बिहार में मौसम एक महीने पहले ही बदल गया था। एक लंबे अरसे बाद अगस्त व सितंबर में लगातार दो बार गांव जाने का अवसर मिला। सावन में कुलदेवता की पूजा होती है और कुछ दिनों बाद ही रक्षा बंधन त्योहार मनता है। धान की रोपाई खत्म हो गई थी और लोग रक्षा बंधन की प्रतीक्षा कर रहे थे। कुलदेवता की श्रद्धापूर्वक पूजा के बाद हम सपरिवार रिश्तेदारी के लिए निकले। सबसे पहले हरसूब्रह्म धाम पहुंचे। मेरी बड़ी फुआ और मामी ने मन्नत (भारा) मांग रखी थी और जब भारा उतरने की बारी आई तो दोनों इस नश्वर संसार में नहीं रहीं। भभुआं जिले के चैनपुर के पास बाबा का धाम किसी गढ़ पर है। बहुत ही भव्य दर्शन हुए। मन प्रसन्न हो गया। हमें जिन पंडितजी का सानिध्य मिला, वे भी संतोषी निकले। इत्मिनान से दर्शन करवाए, हवन करवाया और बदले में श्रद्धा के अनुसार दान देने की बात कही। हमने जो दिया उसे रख लिया। एक अन्य पंडितजी ने भूत-प्रेत बाधा की बात शुरू की, लेकिन हरसूब्रह्म बाबा पर अटूट आस्था की बात कहते हुए हमने उसे बढ़ने ही नहीं दिया। 
हरसू ब्रह्म बाबा
मामा गांव में संतन भैया, सरयू भैया,
रामेश्वर भैया व बच्चों के साथ 
वापसी में कुदरा के पास मुंजिया अपने मामा गांव जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। एक लंबे अरसे बाद पहुंचा था। संतन भैया रिश्ते में ममरे भाई हैं। मां से सिर्फ दो साल छोटे। इसलिए, फुआ-भतीजे से अधिक भाई-बहन का रिश्ता है। मामा लोग तो मां को बेटी जैसा प्यार देते थे। मां वैसे तो संतन भैया और उनके भाइयों की फुआ है, लेकिन उनकी संताने भी मां को फुआ ही कहती हैं। यहां तक कि परपोती भी मां को फुआ ही कहती है। संतन भैया नाम के अनुरूप संत, पूरे इलाके के मानिंद लोगों के भैया... मुझपर तो उनका कुछ खास ही स्नेह रहा है। मेरी गलतियों और बदमाशियों को भी हंसते हुए पचा जाते हैं... माफ कर देते हैं। उनसे छोटे सरयू भैया हैं, जिनके अंदर प्यार की अविरल धारा बहती है। छोटे मामा जी के बेटे रामेश्वर भैया, इतने शालीन कि बड़े होने के बावजूद हमसभी के पसंद-नापसंद का पूरा ध्यान रखते हैं। रवींद्र भैया को दो साल पहले हमने हादसे में खो दिया था। उनकी संतानें अच्छा कर रही हैं। मामा के यहां कुछ घंटों का ठिहा रहा, क्योंकि इस यात्रा में अधिक समय अपनी छोटी फुआ के यहां बिताने का तय था। 
खान-पीना के बाद हम विंढमगंज के लिए रवाना हो गए। दूरी कम करने के चक्कर में एनएच को छोड़कर हमने नवीनगर होते हुए स्टेट हाईवे को साधने का प्रयास किया, लेकिन रास्ता भटक गए और दूरी तथा गंतव्य तक पहुंचने का समय बढ़ गया। रात करीब 10 बजे हम विंढमगंज पहुंचे। खाना खाकर सो गए। अगले दिन बंशीधर महाराज के दर्शन होने थे। वहीं कथा सुनने का कार्यक्रम था। बंशीधरनगर रेलवे स्टेशन भी है, जिसे पहले नगर ऊंटारी के नाम से जाना जाता था। पलामू जिले में आता है। लेकिन, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से घिरा हुआ है। यहां भगवान श्रीकृष्ण व मां राधे की 32 मन सोने की अलौकिक प्रतिमा है। भव्य दर्शन हुए। विद्वान ब्राह्मण से सत्यनारायण स्वामजी की कथा सुनने का अवसर प्राप्त हुआ। आनंद आ गया। प्रसाद में पेड़ा था... वैसा पेड़ा हमने पहले कभी नहीं खाया। सौंधी खुशबू वाले खोया ऐसा कि मुंह में जाते ही घुल जाए और काफी देर तक उसका स्वाद मन पर तारी रहे। 
कथा सुनतीं फुआ, मां, पंकज भैया व भाभी
पूजा से लौटने के बाद फुआ के बड़े लड़के पंकज भैया के यहां खाना-पीना हुआ। शाम में उनके गांव गए, जो पास में ही था। वैसे तो पलामू के गांवों में सिंचाई के अभाव में परीत जमीन बहुतायत मिल जाती है, लेकिन उनके गांवों में कुछ ज्यादा ही थी। गांव में मेहनतकश इंसान दिखाई दिए, बच्चे कम दिखे। पता चला, लोग बच्चों को पढ़ाने के लिए विंढमगंज, गढ़वा या डालटनगंज में रहते हैं। बिहार के भी गांवों की यही स्थिति है। मेरा गांव औरंगाबाद से महज छह किलोमीटर है, लेकिन बड़ी संख्या में युवा किसान अपने बच्चों की शिक्षा के लिए जिला मुख्यालय में किराए के मकान में रहते हैं। उसी दिन गांव वापसी का कार्यक्रम था, लेकिन मन ने फुआ, फुफेरे भाई व भाभी के साथ कुछ और वक्त बिताने की मांग की। रुक गया, जो एक तरह से बहुत अच्छा रहा। रात नौ बजे के करीब इतनी तेज बारिश हुई कि कहना ही क्या। अगर यह बारिश रास्ते में मिलती तो हमारी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो सकती थी। 
देव मंदिर के भीतर...
देव सूर्य मंदिर
अगले दिन, सुबह सात बजे घर से निकले और करीब 11 बजे गांव पहुंच गए। रविवार का दिन था। मां ने देव मंदिर में भगवान भास्कर के दर्शन की इच्छा जताई। हम नहा-धोकर फिर से तैयार हो गए और भगवान भास्कर के दरबार में हाजिर हो गए। साथ में दो भतीजियां भी थीं। बहुत शानदार दर्शन हुए। बेटे ने अपने हॉस्टल से भगवान के ऑनलाइन दर्शन किए। रात में ट्रेन थी। खा-पीकर निकले और हम फिर अपनी कर्मस्थली पहुंच गए। (शेष अगले भाग में...)